Click me for the articles on Political Literacy


Showing posts with label दैनिक भास्कर. Show all posts
Showing posts with label दैनिक भास्कर. Show all posts

Sunday, August 30, 2020

अहा जिंदगी आमुख आलेख: ऑनलाइन गुरु कितने कामयाब



डॉ. श्रीश पाठक*

कोरोना महामारी के बीच जहाँ अब लोग घरों से निकल जीवन के जद्दोजहद में एक बार फिर से जुट गए हैं, वहीं विधार्थियों की पीढ़ी को अभी भी भौतिक दूरीकरण निभाते हुए विद्यालयों, विश्वविद्यालयों से यथासंभव दूर ही रखने का प्रयास किया जा रहा। शिक्षा के आदान-प्रदान की प्रक्रिया में पारस्परिक अंतःक्रिया का महत्त्व प्रारंभ से ही पूरी दुनिया में स्थापित है l भौतिक दूरीकरण की विवशता ने शिक्षातंत्र के समक्ष यह भारी चुनौती पेश कर दी कि आखिर पारस्परिकता से लबालब कक्षाएँ अब कैसे हो सकेंगी l शिक्षातंत्र के ठिठकने का अर्थ होता, एक पूरी पीढ़ी के भविष्य की तैयारियों का ठिठकना और यह राष्ट्र के भविष्य पर भी प्रतिगामी असर छोड़ता। संयुक्त राष्ट्र के महासचिव अंतोनिओ गुतरेस ने कहा कि- विद्यालयों के बंद होने की वजह से दुनिया पीढ़ीगत त्रासदी से जूझ रही है l तकनीक ने यह चुनौती स्वीकार की और शिक्षा जगत ऑनलाइन कक्षाओं की ओर मुड़ गया l चूँकि चुनौती सहसा आयी थी तो जाहिर है इसकी तैयारी कोई मुकम्मल तो थी नहीं। इससे पहले ऑनलाइन कक्षाओं को अनुपूरक माध्यम की तरह ही सराहा गया था और दुनिया भर के शिक्षाविद इसे एक मजबूत वैकल्पिक माध्यम नहीं मानने को लेकर एकमत रहे हैं l कोविडकाल में ऑनलाइन कक्षाएँ एकमात्र माध्यम बनकर समक्ष आयीं और कोशिश जारी है कि यह एक मजबूत माध्यम बन सके। सहसा आयी इस आपदा ने अध्यापक और विद्यार्थी दोनों के ही समक्ष नवीन चुनौतियों का अंबार लगा दिया। तकनीक अभिशाप या वरदान के शीर्षक वाले निबंधों में नए तर्क सम्मिलित हुए। तकनीकी असमानता, ऑनलाइन कक्षाओं की एकरूपता, गुणवत्ता का प्रश्न, स्क्रीन समय में बढ़ोत्तरी व स्वास्थ्य संबंधी दुश्वारियाँ, अंतर्वैयक्तिक अनुभव का अभाव, आदि कुछ ऐसी चुनौतियाँ विद्यार्थियों के समक्ष सहसा उभर आयीं, जिनसे तुरत उबरना आसान नहीं l इसी तरह, विधार्थियों के जिज्ञासु टकटकी और फिर उनके संतुष्ट आँखों का आदी अध्यापक भी सहसा कई चुनौतियों मसलन - ऑनलाइन तकनीकी माध्यम की सीमाएँ, इंटरनेट पर पूर्ण निर्भरता, उसी पाठ्यक्रम के साथ ऑनलाइन कक्षाओं में ऑफलाइन कक्षाओं के अनुभव को उतारने का दबाव, सीमित देहभाषा प्रयोग, आदि से घिर गए l 


शैक्षणिक सत्र बचाने के समान दबाव के बीच विद्यार्थी एवं अध्यापक उन चुनौतियों से जूझे जा रहे हैं। डिजिटल डिवाइड की खाई को देखते हुए सोलापुर, महाराष्ट्र के नीलमनगर के अध्यापकों ने पाठ पढ़ाने का एक प्रभावी एवं प्रेरक तरीका ढूँढ निकाला है l पाठ्यपुस्तकों के सरल पाठ आसपास के घरों की तक़रीबन 300 से अधिक बाहरी दीवारों पर रुचिपूर्ण एवं कलात्मक रीति से उकेर दिया है l लगभग सभी भारतीय राज्यों ने अपने अध्यापकों की सहायता से ऑनलाइन कक्षाएँ, रिकार्डेड व्याख्यान, मोबाईल ऐप, टेलीविजन आदि के माध्यम से पठन-पाठन को निर्बाध करने की कोशिश की है l तकनीकी ने यकीनन अपनी भूमिका निभायी है लेकिन जैसा  कि माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स कहते हैं कि तकनीकी तो केवल एक यंत्र है, असली महत्ता तो अध्यापकों की है l लगभग सभी स्तरों पर अध्यापकों ने अपनी नयी भूमिका के अनुरूप ढालना शुरू किया है और एक हद तक ही सही संभावित शैक्षणिक निर्वात को ख़ारिज कर दिया है। 


इन सब के बीच इस भीषण समय में एक समानांतर वाद-विमर्श भी सर उठाए है। कुछ लोगों को लगता है कि कोविडकाल के बाद संभवतः अध्यापकों की मूल महत्ता पर ही प्रश्न उठने शुरू हो जाएँ। अब जबकि बहुतेरी पाठ्यसामग्री इंटरनेट पर उपलब्ध है, विद्यार्थी पहले ही इंटरनेट का इस्तेमाल करते आ रहे हैं, तो क्या अध्यापकों की पारंपरिक भूमिका शेष रह गयी है? मशहूर भारतीय कंप्यूटर वैज्ञानिक एवं शिक्षाविद सुगाता मित्रा ने वर्ष 1999 में द होल इन द वॉल प्रयोग शुरू किया था, जहाँ उन्होंने भारत के विभिन्न स्थलों पर कंप्यूटर सिस्टम को एक दीवाल में अस्थायी रूप से कुछ समय के लिए लगाकर छोड़ दिया। उन्होने पाया कि बच्चे स्वयं ही काफी चीजें धीरे-धीरे सीख गए, इसमें भाषा और वर्ग का अवरोध भी आड़े नहीं आया। उन्हें किसी निर्देशित वातावरण की आवश्यकता नहीं पड़ी। लेकिन उन्होंने भी माना कि यह सीखना एक सीमा तक ही संभव है और इसमें कहीं से भी अध्यापक की भूमिका समाप्त नहीं हो जाती। दुनिया भर के शिक्षाविद इस प्रश्न के उत्तर में अध्यापन-प्रविधि के अद्यतन करने की बात तो स्वीकार करते हैं लेकिन कोई भी अध्यापक एवं अध्यापन के विकल्प का तर्क नहीं मानते। यह सही भी है क्योंकि अध्यापन महज सूचनाओं का सम्प्रेषण मात्र नहीं है, यह सूचना, ज्ञान, बोध और विद्यार्थियों के समक्ष सम्यक चुनौतियों को वाजिब अनुपात में परोसने की कला है। फिर, सीखने की प्रक्रिया सतत प्रेरणा एवं रचनात्मक हस्तक्षेप की माँग करती है l फ्रेंच कवि, पत्रकार एवं उपन्यासकार अनातोली फ्रांस मानते हैं कि- शिक्षा का दस में से नौवां हिस्सा प्रोत्साहन है l अध्यापकों के जीवंत प्रोत्साहन का विकल्प मॉनिटर पर उभरे एकरस प्रोत्साहन-प्रतीक नहीं कर सकते l फिर सभी विद्यार्थी एक जैसे नहीं हैं, न ही वे एक पृष्ठभूमि के होते हैं और न ही उनकी समझ और रूचि की विमाएँ एक सी होती हैं। इस भिन्नता को विविधता में साधने का कार्य केवल अध्यापकीय कौशल से संभव है। शिक्षा मनोवैज्ञानिक विलियम जी. स्पेडी कहते हैं कि- सभी विद्यार्थी सीख सकते हैं और आगे बढ़ सकते हैं लेकिन एक ही समय और एक ही रीति से नहीं l इंटरनेट पर अध्ययन सामग्री उपलब्ध हो सकती है, लेकिन दिशा-निर्देशन माउस के क्लिक पर उपलब्ध नहीं है। एकांत के स्वाध्याय से निपुणता उन्हीं विषय-सामग्री पर पायी जा सकती है जहाँ अध्यापक ने विषय-प्रवेश करा रूचि जाग्रत कर दी है l वर्ष 2012 के आसपास यह समझा गया था कि इंटरनेट पर उपलब्ध मैसिव ऑनलाइन ओपन कोर्सेज (मूक) शिक्षा में क्रांति रच देंगे और धीरे-धीरे अध्यापकों की परंपरागत भूमिका को समाप्त कर देंगे, लेकिन अनुभव बताते हैं कि उनमें विद्यार्थियों ने उतनी रूचि नहीं ली क्योंकि वहाँ व्यक्तिगत-मानवीय हस्तक्षेप की गुंजाईश कम रही और विधार्थी-विशेष की आवश्यकताओं पर ध्यान देना वहाँ संभव न रहा। अनुपूरक रूप से सभी अध्यापन प्रविधियों एवं माध्यमों की महत्ता निश्चित ही है लेकिन इनमें से किसी भी माध्यम में अकेले अथवा संयुक्त रूप से मानवीय भूमिका को स्थानांतरित करने की क्षमता नहीं है l यह अभीष्ट भी नहीं है, क्योंकि मानव एक सजग प्राणी है, उसे जीवंत बोध की दरकार रहती है, सूखी सूचनाएँ उसके लिए पर्याप्त नहीं है। जापान की एक लोकप्रिय कहावत कहती है कि - हजार दिनों के अध्ययन-परिश्रम से अधिक बेहतर सच्चे अध्यापक के एक दिन का साथ है और सर्वपल्ली राधाकृष्णन के शब्दों में ऐसा इसलिए है क्योंकि सच्चे अध्यापक हमें हमारे बारे में सोचना सिखाते हैं।  


*लेखक एमिटी यूनिवर्सिटी, नोयडा में विश्व-राजनीति विभाग में असिस्टेंट प्रोफ़ेसर हैं।  


Sunday, February 24, 2019

फेक न्यूज फिनोमेना

ज़्यादातर लोग 14 फरवरी को वैलेंटाइन दिवस के रूप में मनाते हैं, लेकिन 14 फरवरी, 1931 की सुबह लाहौर में शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को फाँसी दी गई थी। 
'शिक्षा से मै अंग्रेज़ हूँ, संस्कृति से मुस्लिम और दुर्घटनावश हिन्दू हूँ' -जवाहर लाल नेहरू
मैचूपो विषाणु, पैरासीटामोल टेबलेट में पाया जा सकता है। 
राष्ट्रपति ट्रम्प ने इस्तीफा दिया।
भारत में लगाई गई विश्व की सबसे लंबी ऊँची मूर्ति स्टेचू ऑफ यूनिटी में अभी से दिखने लगे हैं  दरार।    

ऊपर की ये पाँचों खबरें पूरी तरह से गलत हैं। 
भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को फाँसी 23 मार्च 1931 को दी गई थी। जवाहरलाल नेहरू ने ऐसा वक्तव्य कभी नहीं दिया। पैरासीटामोल दवा पूरी तरह से सुरक्षित है और मैचूपो विषाणु के भारत में पाये जाने की फिलहाल कोई सूचना नहीं हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रम्प ने अपना इस्तीफा नहीं दिया है। खबरों के लिबास में यह चारों सूचनाएँ दरअसल भ्रामक, जाली खबरें, फर्जी खबरें या फेक न्यूज हैं। बहुत मुमकिन है कि आपने भी इन खबरों को कहीं पढ़ रखा हो। अपने प्रस्तुतीकरण में ये बिलकुल असली खबरों की तरह ही होती हैं, किन्तु ये फर्जी खबरें, असल खबरों के मुक़ाबले कहीं तेजी से फैलती हैं और अपना असर छोड़ जाती हैं। एमआईटी के एक शोध के मुताबिक सही खबर के मुक़ाबले जाली खबरें सत्तर प्रतिशत अधिक रीट्वीट की जाती हैं। इसके प्रभाव व प्रयोग को देखते हुए कॉलिन्स शब्दकोश ने 2017 में 'फेक न्यूज' को अपने 'साल के शब्दों' में जगह दी है। माइक्रोसॉफ्ट की तरफ से कराये गए एक वैश्विक सर्वे के निष्कर्ष बताते हैं कि फेक न्यूज के मामले में भारत पहले स्थान पर है। इसका अर्थ यह है कि अपने इर्द-गिर्द जिन खबरों की चर्चा हम पाते हैं, उनके फेक न्यूज होने की संभावना सर्वाधिक है। फेक न्यूज से पनपे अफवाहों की वजह से भारत में भीड़ ने अलग-अलग स्थानों पर तकरीबन 25 लोगों की जानें ली हैं। बीबीसी द्वारा कराये गए एक अध्ययन से यह स्पष्ट हुआ है कि तकरीबन 72 प्रतिशत भारतीय सही खबर और जाली खबरों का अंतर समझ नहीं पाते।  


यहाँ, यह समझ लेना आवश्यक है कि फेक न्यूज (जाली खबर) और फाल्स न्यूज (गलत खबर) में अंतर है। खबरों का 'गलत' हो जाना एक मानवीय या तकनीकी चूक हो सकती है, फाल्स न्यूज संभव है कि स्रोत, माध्यम या अभिकर्ता के किसी स्तर पर हुई त्रुटि के परिणामस्वरूप प्रसार में आई हो, पर फेक न्यूज जानबूझकर एक सोचे-समझे एजेंडे के तहत प्रसार प्रक्रिया में स्थापित किए जाते हैं। फेक न्यूज का एक स्पष्ट मकसद होता है, एक लक्षित समूह होता है और चुनिंदा माध्यम पर सवार होकर यह अपने दुष्प्रभाव दिखलाती है। फेक न्यूज, पूरी तरह से भ्रामक, जाली सूचनाएँ, फोटो या वीडियो होते हैं जो जनता को भ्रमित करने के लिए, सार्वजनिक रूप से भय का माहौल बनाने के लिए, हिंसा भड़काने के लिए और एक बड़े स्तर पर जनता का ध्यान आकृष्ट करने के लिए जानबूझकर गढ़े व फैलाये जाते हैं। मीडिया साक्षरता विशेषज्ञ मार्टिना चैपमैन के अनुसार फेक न्यूज में आधारभूत तीन तत्व होते हैं: मिसट्रस्ट (विश्वासहीनता), मिसइन्फोर्मेशन (गलत सूचना) और मैनीपूलेशन (तोड़-मरोड़)। तीन देशों- भारत, नाइजीरिया और कीनिया में सात दिनों तक 80 लोगों के द्वारा खबरों को प्रयोग करने की वृत्ति को बीबीसी समूह द्वारा अध्ययन किया गया, देखा गया कि वह फेसबुक व व्हाट्सअप माध्यम का प्रयोग सूचनाओं को साझा करने के लिए कैसे और कितना करते हैं। यह पाया गया कि तीनों ही देशों में सूचनाओं के स्रोत के बारे में जानने के प्रयास न के बराबर किए गए। दरअसल, एक बढ़िया खबर के लिए उसका स्रोत, उसका माध्यम, उसकी स्पष्टता, उसकी शुद्धता और उसके अभिकर्ता/प्रसारक, ये पाँच कारक बेहद मायने रखते हैं। इन्हीं पाँच कारकों पर समझौता कर फेक न्यूज बनाए व फैलाये जाते हैं। चूंकि वे खबरों की लिबास में होते हैं तो उन्हें तुरत ही एक प्रसारसंख्या मिल जाती है, चौंकाउ व सनसनीखेज होते हैं, तो तवज्जो मिल जाती है और चूँकि इंटरनेट व सोशल साइट्स के युग में उपभोक्ता भी प्रसारकर्ता होते हैं तो फेक न्यूज को एक खतरनाक संवेग भी मिल जाता है जो कभी-कभी जानलेवा भी हो जाता है। हाल ही में कन्नूर जिले के लगभग दो लाख चालीस हजार बच्चों के माता-पिता ने जानलेवा खसरा, मम्प्स, रूबेला आदि बीमारियों के टीके लगवाने से इंकार कर दिया, क्योंकि किसी फेक न्यूज से बनी अफवाह पर उन्हें अधिक भरोसा था। टीकाकरण की प्रक्रिया पूरे दो महीने बाधित रही।      

निश्चित ही फेक न्यूज फिनोमेना ने पिछले कुछ वर्षों में बेहद खतरनाक ढंग से अपनी जड़ें जमाई हैं और इंटरनेट, मोबाइल, सोशल नेटवर्किंग साइट्स के सूचना क्रांति युग में यह लगभग असंभव सा ही है कि पूरी तरह इनपर नियंत्रण किया जा सके, लेकिन यह भी सच है कि इतिहास के पन्नों में बहुत पहले ही फेक न्यूज की प्रवृत्ति दिखलाई पड़ती है। समय के हर पड़ाव पर कुछ नए प्लेटफॉर्म जुडते गए हैं पर फेक न्यूज की आवक कम-अधिक बनी ही रही है। ईसा के लगभग 44 वर्ष पूर्व आक्टेवियन ने मार्क एन्टोनी के खिलाफ भ्रामक खबरों के माध्यम से छवि धूमिल करने की कोशिश की थी। न्यूयार्क के प्रतिष्ठित अखबार 'द सन' ने 1835 में बाकायदा छह आलेखों की शृंखला प्रकाशित की थी जिसमें यह दावा किया गया था कि चंद्रमा पर न केवल जीवन की उपस्थिति है अपितु एक सभ्यता ही विकसित है। 1899-1902 के बीच चले बोअर युद्धों में भी भ्रामक खबरें खूब गढ़ी गईं और प्रसारित की गईं। प्रथम विश्व युद्ध फेक न्यूज से अछूता नहीं रहा और न ही द्वितीय विश्व युद्ध इनकी छाया से बच सका। हिटलर के शासन में तो बाकायदा 'रायस मिनिस्टरी ऑफ पब्लिक एनलाईटेनमेंट एंड प्रोपेगेंडा' बनाई गई थी जो सिलसिलेवार ढंग से भामक खबरें गढ़ती थी और उन्हें संचार के प्रत्येक उपलब्ध माध्यमों पर प्रसारित कर मनचाहा सार्वजनिक प्रभाव पैदा करती थी। शीत युद्द (1947-1991) के समय फेक न्यूज इंटेरनेशनल ब्रॉडकास्टिंग के जरिये प्रसारित किए गए। द न्यूयार्क टाइम्स ने 2004 में सार्वजनिक माफीनामा जारी किया जिसमें उसने स्वीकार किया कि इराक में वेपन्स ऑफ मास डिसट्रक्सन (जनसंहारक हथियार) की खबर फेक थी। अभी हाल ही में फेक न्यूज के प्रभाव में आकर पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ने इजरायल को परमाणु आक्रमण की धमकी दे डाली। फेक न्यूज की ऐतिहासिकता व इसके खतरनाक असर को इन संदर्भों से समझा जा सकता है।      

फेक न्यूज को गढ़ने और फैलाने के पीछे की मंशा को टटोलें तो कुछ स्पष्ट कारण समझ आते हैं। बहुधा वे किसी प्रोपेगेंडा के तहत योजनाबद्ध रूप से गढ़े और प्रसारित किए जाते हैं ताकि एक खास ध्रुवीय समर्थन को साधा जा सके और विपरीत मत को खंडित किया जा सके। यह किसी दूसरे पक्ष को मिल रहे समर्थन को कमजोर करने के लिए भी किया जा सकता है। एक नए गैरज़रूरी मुद्दे को चर्चा में लाकर किसी पुराने जरूरी मुद्दे पर से जनता का ध्यान हटाने के लिए भी फेक न्यूज का सहारा लिया जाता है। विधि, प्रशासन, व्यवस्था में गड़बड़ी कर जनता में एक भय स्थापित करने की मंशा भी हो सकती है, इसे वैश्विक-आतंकवाद के दौर में एक जटिल गैर-पारंपरिक सुरक्षा-भय के रूप में भी देखा जा सकता है। एक बेहद मजबूत कारण फेक न्यूज के पीछे आर्थिक लाभ की लालसा है। इंटरनेट पर विभिन्न साइट्स पर उपलब्ध सामग्रियों को प्रयोग करने से साइट्स पर हिट आती हैं और साइट्स को इससे आर्थिक लाभ होता है। अधिक से अधिक पेजव्यूज और हिट्स पाने के लिए अक्सर भ्रामक शीर्षकों के साथ फेक न्यूज परोसी जाती है। इसप्रकार फेक न्यूज़ का एक बिजनेस मॉडल ही है, जो बेहद योजनबद्ध तरीके से फेक न्यूज डिजाइन करता है, परोसता है और फैलाता है। 

फेक न्यूज के व्यापक सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक असर को देखते हुए एक व्यापक मीडिया साक्षरता एवं डिजिटल साक्षरता अभियान की अतीव आवश्यकता है। यों तो सरकार ने अपने ढंग से मीडिया, फेसबुक, व्हाट्सअप आदि जैसे कई माध्यमों को निर्देश दिया है कि वे ऐसे फिल्टर अपने सिस्टम में निर्मित करें जिससे फेक न्यूज के प्रसार पर रोकथाम लगे परंतु यह तब तक प्रभावी नहीं होगा जब तक उपभोक्ता/प्रयोक्ता किसी न्यूज का प्रसारकर्ता बनने से पहले स्वयं सजग होकर सामान्य पड़ताल करने की जहमत नहीं उठता। फेक न्यूज बनाने वाले, हमारी तुरत-फुरत की फॉरवर्ड और शेयर करने की प्रवृति का ही लाभ उठाते हैं और अपना मंसूबा साधते हैं। यह बेहद अहम है कि किसी भी खबर पर यकीन और उसे साझा करने से पहले हम उस खबर के स्रोत के बारे में पड़ताल करें कि क्या यह सामग्री एक विश्वसनीय स्रोत से आई है! एक खबर को कम से कम तीन स्रोतों से जाँचें। केवल शीर्षक पढ़कर राय न बनाएँ, खबर पूरी पढ़ें और तह तक जाएँ, अक्सर ही फेक न्यूज के शीर्षकों में विस्मयादि बोधक चिन्हों की भरमार होती है। खबरों की टाइमिंग से खिलवाड़ कर भी संदर्भ बदल दिये जाते हैं, ध्यान दें कि क्या यह खबर नई है या कोई पुरानी खबर ही फिर से परोसी गई है। आप चाहे किसी भी व्यवसाय में हो एक सामान्य अध्ययन की प्रक्रिया सतत चलने दें, इससे स्वयं के पक्षपात को पहचानने और उसे ठीक करने का अवसर मिलता है और आप आसानी से किसी फेक न्यूज के शिकार नहीं बनते हैं। कई बार कुछ खबरें व्यंग के लिए लिखी जाती हैं और उसे गंभीरता से साझा कर दिया जाता है, सो सचेत रहें। इससे पहले कि यह फेक न्यूज फिनोमेना कोई बड़ी त्रासदी लेकर आए, हम सभी नागरिकों को भी इसके लिए सजग और प्रयत्नशील रहना होगा।  



Sunday, October 7, 2018

आवाज़ में दिखते थे हज़ारों नज़ारे

साभार: अहा ज़िंदगी, भास्कर 


“आपने तो उस दिन हमारे दिलों की धड़कनें 
बार-बार ऊपर-नीचे कीं।”

1975 में संसद की कार्यवाही रुकवाकर भारत-पाकिस्तान हॉकी फाइनल मैच देखने वालीं प्रधानमंत्री इंदिरा गाँधी ने मशहूर उद्घोषक जसदेव सिंह जी से अपनी मुलाकात में ये उपरोक्त कथन कहे थे। जसदेव सिंह जी की गहरी आवाज के हर उतार-चढाव पर हर हिन्दुस्तानी के दिल की धड़कनें अपनी लय फिर पाने के लिए बेताब हो जाती थीं। बीते 25 सितम्बर 2018 से अब इस आवाज की बस यादें महकेंगी जो कुछ यों शुरू होती थीं:

“मै जसदेव सिंह बोल रहा हूँ !”

वो दौर था जब रेडियो ही वह जादुई पिटारा था जिसे कभी भी बुद्धू बक्सा नहीं कहा गया और जो अपनी आवाज के जरिये हर आमोखास के कानों में मनोरंजन का गूँज भर देता था। कान सुनते थे, आँखें देखने लग जाती थीं, मन कुलाँचे लेने लगता था और ज़ेहन में हर एक लफ्ज रुई के फाहों के मानिंद उतरते चले जाते और फिर एहसासों के मखमली तसव्वुर जब-तब उभर हर दिल को गुदगुदाते रहते। रेडियो के कद्रदान और खेलप्रेमी ये जानते हैं कि ऐसा तब जरूर होता जब अल्फ़ाज़ जसदेव सिंह के हों। हॉकी का खेल एक तेज खेल है। इसकी कमेंट्री करने के लिए आवाज में वही जोश, वही फुर्ती होनी चाहिए जो एक उम्दा हॉकी खिलाड़ी में होती है। यह एक मुमकिन बात न मानी जाती जो हमारे देश में जसदेव सिंह जैसा शुद्ध, स्पष्ट उच्चारण वाला और हिंदुस्तानी जुबान का कमेंटेटर न पैदा होता। 

18 मई, 1931 को बौंली, राजस्थान में जन्में जसदेव सिंह की शिक्षा पंजाबी, उर्दू और अंग्रेजी में हुई पर महात्मा गाँधी की अंतिम यात्रा के दिन जब रेडियो पर उन्होंने मशहूर अंग्रेजी प्रस्तोता मेलविल डी मेलो की आवाज सुनी, तो ठान लिया कि वे हिंदी में ही कमेंट्री करेंगे। धुन के पक्के बीए-एलएलबी जसदेव सिंह का सफर 1955 में आकाशवाणी जयपुर से शुरू हुआ। जसदेव सिंह जी को रेडियो और दूरदर्शन पर बोलने की हर प्रचलित विधा का अनुभव था। समाचार वाचक, खेल उद्घोषक, संचालन, स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय अवसरों के प्रस्तोता, जवाहर लाल नेहरू, लालबहादुर शास्त्री, संजय गाँधी, इंदिरा गाँधी के अंतिम यात्रा के वर्णनकार की भूमिका के साथ ही जसदेव सिंह जी ने देश के पहले अंतरिक्ष यात्री के रूप में राकेश शर्मा की यात्रा का अप्रतिम रोमांच भी देशवासियों से साझा किया। पाकिस्तान में भी आपकी लोकप्रियता का आलम यह था कि टेलीविजन पर भले ही खेल देखा जाता लेकिन आँखों देखा हाल सुनने के लिए ऑल इंडिया रेडियो ही ट्यून किया जाता। आपको गुरु नानक देव के जन्मोत्सव कार्यक्रम के वर्णन के लिए पाकिस्तान के ननकाना साहब में भी आमंत्रित किया गया। पद्म श्री एवं पद्म भूषण से सम्मानित कमेंटेटर जसदेव सिंह की आवाज और हॉकी का खेल एक ज़माने में एक-दूसरे के पर्याय बन चुके थे। हॉकी के अलावा उन्होंने क्रिकेट, बैडमिंटन, टेनिस के कई मशहूर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी कमेंट्री करके अपने आवाज का लोहा मनवाया। आपको नौ ओलंपिक आयोजन, आठ हॉकी विश्व कप एवं छह एशियाड गेम्स में बतौर कमेंटेटर काम करने का गौरव प्राप्त है। लोग उनके आवाज के यों दीवाने थे जैसे वे उम्दा खिलाडियों के कौशल के दीवाने होते थे। 1988 सियोल ओलंपिक में उन्हें सर्वोच्च पुरस्कार ‘द ओलंपिक ऑर्डर’ से नवाजा गया। रेडियो की दुनिया की सबसे मशहूर तिकड़ी, देवकीनंदन पांडेय, अमीन सयानी, जसदेव सिंह से ही बनती है और बनती रहेगी। 

उनके आवाज की खनक खेलों के हर उतार-चढाव को बाखूबी बयां करती थी तो स्वतंत्रता दिवस व गणतंत्र दिवस के मौके पर देश के जनगणमन को राष्ट्रीय स्वाभिमान से ओतप्रोत कर देती थी। 1962 की हार से निराश जनता, 1963 की वह परेड कत्तई नहीं भूल सकती थी जब नेहरू स्वयं पैतीस-चालीस सांसदों के साथ परेड में शामिल थे और जसदेव सिंह की आवाज ने जन-जन के मन तक दस्तक दे दी थी। लगभग उन्चास बार जसदेव जी ने ऐसे राष्ट्रीय अवसरों पर कमेंट्री की थी। जसदेव सिंह जी को अपने प्रेरक मेलविल डी मेलो के साथ मिलकर भी कमेंट्री का मौका मिला और वे मशहूर क्रिकेट कमेंटेटर ए. एफ. एस. तलयारखान की तारीफों की बड़ी कद्र करते थे। जसदेव सिंह जी की आवाज में एक मनमाफ़िक रवानगी थी जो उनके जीवन में भी दिखती थी। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी गीता बजाज की पुत्री कृष्णा से शादी की थी और उस समय इस पंजाबी व मारवाड़ी की शादी की बड़ी चर्चा भी हुई थी। जीवन के प्रति कितने जिंदादिल थे कि वे बिटिया प्रीती सिंह के लिए अपने हर विदेशी दौरों से गुड़िया लाना नहीं भूलते थे, इसका एक बेहतरीन कलेक्शन उनके यहाँ देखा जा सकता था। एक हॉलीवुड फिल्म ‘द विंड कैननॉट रीड’ में आपने अभिनय भी किया और इसके साथ ही लेखक जसदेव सिंह के रूप में भी आपने अपना एक अलग ही मुकाम बनाया। धर्मयुग जैसी अपने समय के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में सैकड़ों खेल और अन्य विषयों पर आपने आलेख लिखे। पाँच किताबें भी जसदेव जी ने लिखीं और अपनी जीवनी ‘मै जसदेव सिंह बोल रहा हूँ’ भी पूरी की जिसमें जीवन के तमाम रोचक किस्से मिलते हैं। 

Sunday, July 29, 2018

जहाँगीर रतनजी दादाभाई टाटा (जेआरडी)

साभार: दैनिक भास्कर 

वो जमाना था जब समझा जाता था कि रूस को कभी पराजित नहीं किया जा सकता था, क्योंकि कोई भी शक्तिशाली सेना यदि इसके भीतर प्रवेश कर भी ले तो भी रूस के भीमकाय भूगोल में उसे उलझना ही था। लेकिन पिद्दी सा जापान रूस के लिए मुसीबत बन अगले साल तक उसे हराने वाला था। जर्मन राजा अपने इरादों से यूरोप के बड़े खिलाड़ी फ़्रांस और ब्रिटेन के साम्राज्यवादी बुनियादों को हिलाने की फ़िराक में था। ऐसे में फ़्रांस, ब्रिटेन के साथ आपसी साम्राज्यवादी सघर्षों को तनिक विराम दे, ‘ऐंतांत कोर्डीएल’ के समझौतों को संपन्न कर राहत की साँस ले रहा था। कला और फैशन के लिए मशहूर फ़्रांस, चित्रकला की फ़ॉविज्म धारा को अपना रहा था जिसका यकीन था कि कैनवस पर मानव मनोभावों को उकेरना आवश्यक है भले ही असंगत रंगों का चटख प्रयोग करना पड़े । बेहद लोकप्रिय बाईसिकिल रेस प्रतियोगिता ‘टूर डी फ्रांस’ के दूसरे संस्करण का कम उम्र का विजेता हेनरी कोर्नेट अपनी बुलंदियों पर था। अमेरिका के ओरविल व विलबर राइट जब अपने हवा से भारी एयरक्राफ्ट फ्लायर-दो को सफलतापूर्वक उड़ा चुके थे तो उसके सात महीने के बाद २९ जुलाई १९०४ के पेरिस में भारत के सबसे महत्वपूर्ण पारसी उद्योगपति जमशेतजी टाटा के ममेरे भाई रतनजी दादाजी टाटा और भारत की सबसे पहली कार चलाने वाली फ्रेंच महिला सुज़ैन सूनी ब्रिय्ररे के घर जिस भारतरत्न का जन्म हुआ उसे भविष्य के स्वतंत्र भारत में भारतीय विमानन का पिता कहा जाने वाला था। जहाँगीर रतनजी दादाभाई टाटा की ज़िंदगी भी बिलकुल उलटफेरों से भरी बींसवी शती की तरह रही और अंततः यह जहाँगीर, जहाँ को जीतने वाला ही साबित हुआ। जेआरडी टाटा का सुखद बचपन पेरिस की गलियों में बीता और उनकी पहली भाषा बनी फ्रेंच। वहाँ स्कूल में हालाँकि अध्यापक उन्हें इजिप्टियन बुलाते रहे। वहीं गर्मी की एक छुट्टी में छोटे जेआरडी टाटा की मुलाकात फ्रेंच विमानन के पिता लुइस ब्लेरिओट से हुई और फिर जेआरडी उस आकाशीय रोमांच के जीवन भर के दीवाने हो गए। फ़्रांस, जापान, इंग्लैंड की अपनी प्रारम्भिक शिक्षा के बाद जेआरडी का इरादा आगे इंजीनियरिंग पढ़ने का था कि विश्वयुद्ध के सायों ने फ़्रांस को अपने युवा नागरिकों के लिए कानून बनाकर एकवर्षीय सेनासर्विस करना अनिवार्य कर दिया। चूँकि जेआरडी को फ्रेंच आती भी थी और वे इसका टंकण भी जानते थे तो उन्हें कर्नल का सचिव बनाकर भेजा गया। इसके तुरत बाद १९२५ में पिता ने व्यवसाय सम्हालने के लिए जेआरडी को भारत बुला लिया और बताते हैं कि जिस फ्रेंच टुकड़ी में जेआरडी थे, वह अपने मोरक्को अभियान से कभी वापस नहीं आ सकी। 

भारत आने के चौथे साल जेआरडी ने भारतीय नागरिकता ली और भारत के पहले कामर्शियल पायलट बन गए। जेआरडी ने १९३२ में ‘टाटा एंड संस’ में विमानन विभाग की नींव रखी जो आगे चलकर ‘टाटा एयरलाइंस’ और फिर ‘एयर इंडिया’ बनकर भारत की पहली एयरलाइंस कम्पनी बनी। ३४ साल की उम्र में उन्हें टाटा एंड संस का चेयरमैन बनाया गया और अगले पचास साल में जेआरडी ने टाटा की ६२ करोड़ की इस कम्पनी को अपने रिटायर होने तक १०,००० करोड़ की कम्पनी बना दिया। जेआरडी ने जब टाटा एंड संस की कमान सम्हाली तो इसका व्यवसाय कुल १४ एंटरप्राइजेज में सिमटा था और जब कम्पनी के चेयरमैन पद को छोड़ा तो तकरीबन ९५ एंटरप्राइजेज पर काम फ़ैल चुका था। जेआरडी टाटा ने टाइटन, वोल्टास, टाटा टी, टीसीएस, टाटा एयरलाइंस (एयर इंडिया), टाटा मोटर्स, टाटा कम्प्यूटर सेंटर, फार्मा, केमिकल्स, आदि कई सेक्टर्स में टाटा का काम फैला दिया।  

जेह (जेआरडी का प्यार का नाम) को महज एक सफल कारोबारी की तरह याद करना ज्यादती है। उनका व्यक्तित्व कहीं इससे बहुत आगे जाकर ठहरता है। जेह को ईश्वर ने एक सुखद बचपन दिया था और जेह जीवन भर अपनी कम्पनी और देश को एक परिवार की तरह देखते रहे। कम्पनी में उन्होंने जो श्रम-सुधार किये वे अपने समय से इतने आगे थे कि पूरे भारत में अभी वे सुधार पूरी तरह लागू नहीं हो सके हैं। सवेतन अवकाश (पेड लीव), कर्मचारी कल्याण योजना, एच. आर. विभाग, निश्चित काम के आठ घंटे, निःशुल्क कर्मचारी चिकित्सा, कर्मचारी प्रोविडेंट फंड, दुर्घटना भत्ता आदि सारे कदम तो ऐसे थे कि जब वे कम्पनी में लागू किये गए तो वे अमेरिका जैसे देशों के भी विधान में नहीं थे। उनकी कारपोरेट एथिक्स ऐसी थी कि करछूट की कोई योजना को अपनाना उन्हें पसंद नहीं था और देशसेवा के तर्क से वे अपने वकील तक को चुप करा देते थे। उनका हर वक्त ये कहना था कि कारपोरेट जगत को अपनी समृद्धि के हिसाब से देशसेवा व समाजसेवा में अपनी भूमिका बढ़ानी चाहिए। जेह के नेतृत्व में टाटा ने कई वैज्ञानिक, सामाजिक, कला आदि प्रक्रमों को बढ़ावा दिया। टाटा इंस्टीच्यूट ऑफ़ फंडामेंटल रिसर्च, टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल, टाटा इंस्टीच्यूट ऑफ़ सोशल साइंस, नेशनल इंस्टीच्यूट ऑफ़ एडवांस्ड साइंसेज, नेशनल सेंटर फॉर परफार्मिंग आर्ट्स, फैमिली प्लानिंग फाउंडेशन आदि जैसे कई राष्ट्रीय महत्त्व के संस्थानों की स्थापना, उनका सफल संचालन और उनका आधुनिक भारत के विकास में निर्विवादित योग,  जेआरडी की अपने देश के प्रति उत्कट सामाजिक प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करती है।      

जेआरडी द्वारा स्थापित इंस्टीच्यूट ऑफ़ साइंस, बैंगलोर से १९७४ में कंप्यूटर साइंस से शोध पूरा करने के बाद एक मेधावी छात्रा सुधा कुलकर्णी जब अमेरिका में नौकरी करने की सोच रही थीं, तभी उन्होंने इंजीनियर्स जॉब के लिए अपने हॉस्टल की दीवार पर चिपका टेल्को (टाटा मोटर्स) का एक विज्ञापन देखा जिसमें स्पष्ट यह लिखा था कि महिला इंजीनियर आवेदन न करें। जेआरडी के नाम एक पोस्टकार्ड पर उन्होंने इस विज्ञापन का विरोध किया। दस दिन के भीतर टेलीग्राम आया और सुधा कुलकर्णी को साक्षात्कार के लिए बुला लिया गया। कम्पनी में काम करते हुए एक शाम जब वे घर जाने के लिए अपने पति का इंतजार कर रही थीं तो वहाँ से गुजरते हुए जेआरडी ने सुधा कुलकर्णी के साथ उनके पति की तबतक प्रतीक्षा की जबतक उनके पति आ नहीं गए। एक समय बाद जेआरडी ने सुधा के कम्पनी छोड़ने के निर्णय पर आशीर्वाद दिया और सुधा व उनके पति नारायणमूर्त्ति ने फिर इंफोसिस की नींव रखी। एक बेहद मशहूर किस्सा दिलीप कुमार का भी है जिसका जिक्र उनके जीवनीकार ने भी किया है । दिलीप कुमार अपने कैरियर के चरम पर थे और हवाई जहाज से सफर कर रहे थे। जहाँ सभी सहयात्री उनसे उनका हस्ताक्षर लेने को बेताब थे वहीं उनके साथ बैठा सहयात्री अप्रभावित हो अख़बार पढ़ रहा था तो कभी खिड़कियों से बादलों को निहार रहा था। दिलीप कुमार ने बात करने की कोशिश की और उस सहयात्री से सामान्य बातचीत हुई। उतरते वक्त दिलीप कुमार ने हाथ मिलाते हुए कहा कि- मेरा नाम दिलीप कुमार है। उस सहयात्री ने मुस्कुराते हुए कहा-मेरा नाम जेआरडी टाटा है। दिलीप कुमार कहते हैं कि अपने पूरे जीवन भर मुझे नम्र रहने की सीख मिली क्योंकि इस दुनिया में आपसे बड़ा कोई न कोई होता ही है। फ़्रांस ने जेह की उपलब्धियों पर जहाँ अपना सर्वोच्च सम्मान लीजियन ऑफ़ ऑनर प्रदान किया वहीं भारत में भी उन्हें ‘पद्म विभूषण’ के बाद ‘भारत रत्न’ से विभूषित किया गया। १९९३ में अंतिम सांस लेने वाले जेआरडी टाटा कहते थे कि- भारत आर्थिक शक्ति बने इससे कहीं अधिक जरूरी है कि देश अपना खुशहाल बने। 

Printfriendly